झारखंड में थम नहीं रहा धमकियों का सिलसिला, अब साहिबगंज के कोर्ट को बम से उड़ाने की मिली धमकी; छावनी में तब्दील इलाका
Thursday, Mar 26, 2026-01:40 PM (IST)
Jharkhand News: झारखंड के साहिबगंज के न्यायालय परिसर में बम धमकी मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस ने तुरंत हाई अलर्ट जारी कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे कोर्ट परिसर को चारों ओर से घेर लिया।
आसपास के इलाकों में भी बढ़ा दी गई गश्त
सुरक्षा को देखते हुए बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। टीमों ने कोर्ट परिसर के हर कोने की जांच की और किसी भी संदिग्ध वस्तु की खोज की। शुरुआती जांच में कोई विस्फोटक नहीं मिला, जिससे प्रशासन और लोगों ने राहत की सांस ली। फिलहाल कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात है। मुख्य प्रवेश द्वार से लेकर अंदर तक सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। परिसर में आने वाले हर व्यक्ति की पहचान पत्र से जांच की जा रही है और बिना वैध पहचान के किसी को अंदर नहीं जाने दिया जा रहा। आसपास के इलाकों में भी गश्त बढ़ा दी गई है।
प्रशासन ने लोगों से की अपील
पुलिस तकनीकी टीम धमकी देने वाले की पहचान के लिए कॉल, मैसेज और अन्य माध्यमों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी पकड़ा जाएगा। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और शांति बनाए रखें। सुरक्षा व्यवस्था पर यह घटना सवाल खड़े करती है, लेकिन प्रशासन की त्वरित कार्रवाई ने किसी भी संभावित खतरे को रोकने में मदद की है।

