लोहे के गेट को छुते ही दौड़ा करंट, इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से सदमे में परिवार

Thursday, Mar 12, 2026-12:14 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के जामताड़ा जिले से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। करमाटांड़ प्रखंड के कुरवा गांव में बिजली के करंट की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

कुछ ही पलों में युवक की मौके पर ही मौत
जानकारी के अनुसार, करमाटांड़ प्रखंड के कुरवा गांव में बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां रहने वाले युवक दुलाल राय की बिजली के करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दुलाल राय के घर का मुख्य दरवाजा लोहे का बना हुआ था और उसके ठीक ऊपर से बिजली का तार गुजर रहा था। दरवाजे को बार-बार खोलने और बंद करने के कारण तार की इंसुलेशन घिस गई थी, जिससे दरवाजे में करंट आने लगा था। बीते बुधवार शाम हुई बारिश के कारण जमीन भीगी हुई थी। इसी दौरान दुलाल राय घर में जाने के लिए गेट खोलने लगे। जैसे ही उन्होंने भीगी जमीन पर खड़े होकर लोहे के गेट को छुआ, वे तेज करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि कुछ ही पलों में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा
इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जा रहा है कि दुलाल राय की शादी करीब एक साल पहले ही हुई थी। वह पुणे में मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा चलाते थे। उन्हें गुरुवार को वापस पुणे काम पर लौटना था, लेकिन उससे एक दिन पहले ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। दुलाल राय परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। घटना के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि गेट पर जले हुए निशान साफ बताते हैं कि काफी समय से यहां करंट का खतरा था। ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना की जांच कराने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने और पीड़ित परिवार व मृतक की पत्नी को सरकारी मुआवजा देने की मांग की है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static