पति ही निकला पत्नी का हत्यारा, पुलिस ने 24 घंटे के अंदर किया खुलासा

12/4/2022 5:16:34 PM

लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा जिले में हुई महिला की हत्या पर से पुलिस ने 24 घंटे के अंदर पर्दा उठा दिया है। पुलिस ने इस मामले में महिला के पति को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, पुलिस ने 1 पिस्टल, लोडेड मैगजीन सहित 3 जिंदा गोली और 1 खोखा और 1 रिवाल्वर कवर बरामद किया है।

पति ने ही पत्नी को जान से मारा
बता दें कि बीते शनिवार को चंद कोपा निवासी उज्ज्वला देवी नामक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने महिला के पति प्रमोद साहू से पूछताछ की तो उसके द्वारा पत्नी की हत्या करने की बात सामने आई। बताया जा रहा है कि हत्यारा प्रमोद साहू ईंट भट्ठे का मालिक है और उसके नाम से कई बैंकों का लोन भी है। व्यापार में नुकसान होने के कारण पत्नी से आपसी विवाद चल रहा था। पत्नी के नाम से कई इंश्योरेंस पॉलिसी होने की भी बात सामने आई है। प्रमोद साहू ने आपसी विवाद के चलते ही अपनी पत्नी के सिर में गोली मार दी, जिसके बाद घर में ही पत्नी की मौत हो गई।

पुलिस ने आरोपी को भेजा जेल
इस मामले में एसपी ने बताया कि सिन्हा के चंद कोपा निवासी प्रमोद कुमार साहू की पत्नी की गोली मारकर हत्या की सूचना मिली थी। इस संबंध में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना का सत्यापन किया और उसके पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले में पुलिस पूछताछ में उसने अपना अपराध भी स्वीकार किया है।

Content Editor

Khushi