बहोरनपुर खुदाई स्थल: भगवान बुद्ध की चोरी हुई दोनों मूर्तियां रांची से बरामद, 5 गिरफ्तार

3/26/2021 12:19:11 PM

रांची: झारखंड में हजारीबाग जिला मुख्यालय से कुछ ही दूरी पर स्थित बहोरनपुर से चोरी हुई ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व की भगवान बुद्ध की दोनों मूर्तियां रांची से बरामद हो गयी हैं और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस अधीक्षक कार्तिक एस. ने गुरूवार को बताया कि पुरातात्विक खुदाई में भगवान बुद्ध की मिली मूर्ति की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में बहुमूल्य होने की अखबारों में छपी खबर के बाद रांची के संजय अग्रवाल ने सुजीत कुमार के साथ मिलकर हजारीबाग से मिली भगवान बुद्ध की मूर्तियों को चुराने की योजना बनाई। इसके लिए सुजीत कुमार ने बिहार के बांका के दो चोरों नरेश राय और बन्तु सिंह की मदद ली। सुजीत के साथ दोनों चोरों ने तीन मार्च को हजारीबाग में मूर्तियों की रेकी की। इसके बाद 20 मार्च को इन्होंने मूर्तियां चुरा ली और उसे रांची लाकर संजय अग्रवाल को सौंप दिया।   

कार्तिक ने बताया कि मूर्तियों को चोरी करने के मामले में हजारीबाग पुलिस ने यतीश कुमार, संजय अग्रवाल, सुजीत कुमार, नरेश राय और बंतु सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। मूर्तियों को हजारीबाग ले जाया गया है। बताया गया है कि हजारीबाग से चोरी कर लायी गयी मूर्तियों को संजय ने अपने घर में छुपाने की जगह अपने मित्र यतीश कुमार को लालच देकर उसके बरियातू, बड़गाई स्थित घर में रखवा दिया। इसके लिए उसे हर दिन 50हजार रुपये देने का वायदा किया। यतीश ने मूर्तियों को अपने घर के टॉयलेट की दोछत्ती में छुपा कर रख दिया। हजारीबाग पुलिस ने गुरूवार दोनों मूर्तियों को उसी दोछत्ती से बरामद किया। 

Content Writer

Umakant yadav