BJP सांसद संजय सेठ ने कहा- झारखंड की बदहाली की जिम्मेदार, झूठी, भ्रष्ट व मक्कार राज्य सरकार

12/1/2022 4:10:57 PM

 

रांचीः झारखंड में रांची के भाजपा के सांसद संजय सेठ ने कहा कि राज्य की बदहाली की जिम्मेदार झूठी, मक्कार और भ्रष्ट राज्य सरकार के 3 वर्ष पूरे होने वाले हैं।

रांची की लगातार खराब होती स्थिति पर सांसद ने अपने केंद्रीय कार्यालय में कैंडल लाइट प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि इस झूठी सरकार ने इन 3 सालों में झारखंड की जनता को खूब सब्जबाग दिखाए परंतु हकीकत हम आए दिन अखबारों में पढ़ा रहे हैं। टीवी चैनलों में देख रहे हैं। महीने में कई बार तो उच्च न्यायालय की टिप्पणी आ जाती है। जनता त्राहि-त्राहि कर रही है परंतु सरकार भ्रष्टाचार में ही मस्त है। राज्य में स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, बिजली, रोजगार...हर मुद्दे पर यह सरकार पूरी तरह से विफल रही है।

वहीं भाजपा सांसद ने कहा कि बिजली का आलम यह है कि राजधानी रांची में 6 से 7 घंटे बिजली की कटौती हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में तो सिर्फ 4 घंटे बिजली मिल रही है। कई उद्योग धंधे बंद होने के कगार पर हैं। लोगों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है, परंतु इन सब से सरकार को कोई मतलब नहीं है। झारखंड के सबसे बड़े अस्पताल रिम्स की बात करें तो वहां की स्थिति पर आए दिन माननीय उच्च न्यायालय टिप्पणी करते हैं। परंतु सरकार को कोई फर्क नहीं पड़ता। संवेदनहीनता की पराकाष्ठा है कि लाइट काटने से एक नवजात की मौत हो जाती है। उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। यह सरकार संवेदनहीन हो चुकी है। इसे अब जनता के सरोकार से कोई मतलब नहीं है।

Content Writer

Nitika