झारखंड में सीट बंटवारे की बातचीत के बीच RJD की घोषणा- पार्टी पलामू और चतरा सीट से लड़ेगी चुनाव

4/2/2024 9:04:10 AM

 

रांचीः राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने घोषणा करते हुए कहा कि वह झारखंड में पलामू और चतरा लोकसभा सीट पर चुनाव लड़ेगी। यह घोषणा ऐसे समय में की गई, जब विपक्षी ‘इंडिया' गठबंधन के घटक दलों में सीट बंटवारे पर बातचीत अभी जारी है।

राजद के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव ने संवाददाता सम्मेलन में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा, ‘‘हम ‘इंडिया' गठबंधन के सहयोगियों से आग्रह करते हैं कि दो सीटों पर राजद के जनाधार को देखते हुए उसे वहां से चुनाव लड़ने की अनुमति दी जानी चाहिए।'' यादव ने कहा, ‘‘पार्टी ने झारखंड में चार सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी की थी। गठबंधन के अन्य सहयोगियों के हित को ध्यान में रखते हुए, हम राज्य की 14 लोकसभा सीटों में से केवल दो की मांग कर रहे हैं।'' वहीं, राजद के वरिष्ठ नेता और राज्य में मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने कहा कि उनकी मांग कोई नई बात नहीं है। उन्होंने कहा, ‘‘पूर्व में कई मौकों पर राजद ने दोनों सीटें जीती थीं और पार्टी के पास वहां समर्थकों का मजबूत आधार है। दोनों सीटों पर हमारा अधिकार बनता है और हम उन पर जीत हासिल करने को लेकर आश्वस्त हैं।''

यह पूछे जाने पर कि क्या वह लोकसभा चुनाव लड़ेंगे, भोक्ता ने कहा कि इसका फैसला पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद करेंगे। भोक्ता ने 20 मार्च को चतरा लोकसभा सीट से अपनी उम्मीदवारी की घोषणा की थी। इस बीच, प्रदेश कांग्रेस ने राजद से ऐसी एकतरफा घोषणाएं करने से परहेज करने को कहा है।

Content Writer

Nitika