कांग्रेस पार्टी ने देश के साथ कभी न्याय नहीं किया, जनता से मांगे माफी: बाबूलाल मरांडी

4/9/2024 10:21:28 AM

 

रांचीः भारतीय जनता पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस देश के साथ अन्याय किया है।

बाबूलाल मरांडी ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि इसके लिए कांग्रेस को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। कहा कि कांग्रेस के समय गांव तक सुविधाएं नहीं पहुंची थीं। गांव में सड़कें नहीं थीं, बिजली नहीं थी और चिकित्सा व्यवस्था का हाल बुरा था। कांग्रेस ने कभी गांव की चिंता नहीं की। कांग्रेसी गांव की बात रोज करते जरूर थे पर उन्होंने गांव के लिए कोई काम नहीं किया। मरांडी ने कहा कि कांग्रेस को क्षमा मांग कर न्याय पत्र निकालना चाहिए। आज गांव में सड़क है, बिजली है, चिकित्सा की सुविधा है। एक समय कांग्रेस ने पूरे देश में संकट पैदा कर रखा था। कहा कि भाजपा के शासनकाल में आज केरोसिन की कोई चर्चा नहीं करता। कुछ लोगों का शौक है लालटेन पकड़ने की।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में शहरों में भी गैस सिलिंडर नहीं मिलता था। आज हर गरीब के घर गैस चूल्हा है। भाजपा के शासनकाल में बैंकों को गरीबों की चौखट तक पहुंचाया, लोगों का खाता खुलवाया। ग्रामीणों को सारी सुविधाएं उनके खातों में पहुंच रहे हैं। कहा भाजपा के शासन से पहले देश में उग्रवाद और आतंकवाद की घटनाएं होती थीं पर आज प्रधानमंत्री मोदी आतंकवादियों की आंखों में आंख डालकर बात करते हैं। भारत आज आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर मारता है। कांग्रेस के राज में दंगा चरम पर था पर आज चारों ओर शांति है, देश में अमन चैन और शांति है। देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है।

Content Writer

Nitika