पर्यटक स्थल के रूप में विश्व मे अपनी पहचान बनाएगा हजारीबागः सांसद जयंत सिन्हा

3/1/2021 4:15:36 PM

रामगढ़ः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं सांसद जयंत सिन्हा ने रविवार को कहा कि 9वीं से 12वीं शताब्दी में बौद्ध धर्म का महत्वपूर्ण केंद्र रहा हजारीबाग पर्यटक स्थल के रूप में विश्व मे अपनी पहचान बनाएगा।

जयंत सिन्हा ने कहा कि हजारीबाग में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग ने 900 साल पुराने बौद्ध मठ की खोज की है। सीतागढ़ पहाड़ियों के पास बहोरनपुर गांव में भगवान बुद्ध एवं देवी तारा की 10 मूर्तियां मिली हैं। दिसंबर 2020 में भी यहां तीन कमरों वाला बौद्ध मंदिर मिला था जिसमें भगवान बुद्ध व देवी तारा की प्रतिमाएं थीं। हजारीबाग में मिली यह प्रतिमाएं बताती हैं कि 9वीं से 12वीं शताब्दी के बीच यह स्थान बौद्ध धर्म का महत्वपूर्ण केंद्र था।

सांसद ने कहा कि धर्म के प्रसार के संदर्भ में हजारीबाग समेत पूरे झारखंड के लिए यह एक महत्वपूर्ण खोज है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल के नेतृत्व में संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से इस क्षेत्र के संरक्षण और संवर्धन के लिए एवं इसे एक धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए सभी प्रयास किए जाएंगे। यहां मिला पुरातत्व के अमूल्य खजाने से हजारीबाग बौद्ध धर्म के लिए एक पर्यटक स्थल के रूप में विश्व में अपनी पहचान बनाएगा।

Content Writer

Ramanjot