झारखंड सरकार की प्राथमिकता में किसान, श्रमिक, गरीब: हेमन्त सोरेन

12/3/2021 5:44:25 PM

 

रांचीः झारखंड सरकार की प्राथमिकता में किसान, गरीब, श्रमिक एवं अन्य जरूरतमंद शामिल हैं। हेमंत सोरेन ने शुक्रवार को चाईबासा के टोंटो प्रखंड स्थित सेरेंगसिया में आयोजित 'आपके अधिकार आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम में कहा कि सरकार की कार्य प्रणाली से हमारी मंशा और उद्देश्य का अंदाजा राज्य की जनता लगा सकती है। 

सरकार की योजना जरूरतमंद लोगों के लिए बनती है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं का समुचित लाभ ग्रामीणों को नहीं मिल पाता है। इसलिए सरकार ने तय किया है कि सरकार आपके समक्ष जाकर योजनाओं की जानकारी और उससे आप सभी को आच्छादित करेगी। ताकि ग्रामीण के बीच स्वरोजगार का सृजन एवं उनके आर्थिक स्वावलंबन का मार्ग प्रशस्त हो सके। झारखंडवासियों से आग्रह है आप अपनी उत्सुकता बढ़ाइए, बाहर आइए सरकार आपके द्वार आई है।

वहीं मुख्यमंत्री ने कहा शहीदों के ताकत पर झारखंड बना है। पूर्वजों के सपने सोना झारखण्ड को वास्तविक सोना झारखंड का रूप दें। उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। इस सिलसिले में नियुक्ति नियमावली तैयार कर ली गई है तथा बड़े पैमाने पर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। गुवा में शहीद के परिजनों को नौकरी दी गई। सरकार सिपाही भर्ती में पहले शारीरिक और बाद में लिखित परीक्षा के लिए नियमावली में बदलाव कर रही है।

Content Writer

Nitika