लोगों की कोरोना से सुरक्षा के बजाय तुष्टिकरण कर रही हेमंत सरकारः दीपक प्रकाश

5/14/2021 11:27:06 AM

रांचीः भाजपा की झारखंड इकाई के अध्यक्ष एवं सांसद दीपक प्रकाश ने लॉकडाउन की अवधि में तीन दिनों की विशेष छूट पर बृहस्पतिवार को राज्य सरकार को आड़े हाथों लिया। साथ ही आरोप लगाया कि यह सरकार लोगों की कोरोना संक्रमण से सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है तथा लॉकडाउन में भी तुष्टिकरण की नीति पर काम कर रही है।

दीपक प्रकाश ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार की प्राथमिकता में लोगों की सुरक्षा नहीं बल्कि वोट बैंक की राजनीति है, जबकि एक सरकार को इन सब बातों से ऊपर उठकर निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति और नियत दोनों का पता ऐसे निर्णयों से चलता है। उन्होंने कहा कि आखिर सरकारी आदेश में 13 से 27 मई तक लॉकडाउन की समय सीमा बढ़ाए जाने के बाद फिर ये विशेष छूट क्यों? उन्होंने कहा कि राज्य की जनता इस लुका छिपी के खेल को खूब समझती है।

वहीं भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री पूरे राज्य का मुख्यमंत्री होता है न कि किसी जाति समुदाय विशेष का। परंतु इस सरकार के निर्णय में भेदभाव स्पष्ट झलक रहा क्योंकि इनका डीएनए ही ऐसा है। पूरे देश के साथ झारखंड में शुक्रवार को ईद मनाई जा रही है।

Content Writer

Nitika