SONU SOOD का दिल बड़ा! 5 महीने के बच्चे का खराब है लिवर, मदद के लिए आगे आए अभिनेता, इलाज के लिए बुलाया गुजरात

1/27/2023 1:51:46 PM

साहिबगंज: अभिनेता सोनू सूद का दिल बहुत बड़ा है और वह हमेशा लोगों की मदद करते हैं। ये बात उन्होंने एक बार फिर से साबित कर दी। वहीं, झारखंड के साहिबगंज जिले के तालझारी प्रखंड की भतभंगा पंचायत के राधा किसनपुर गांव के विष्णु कर्मकार को उनके बेटे के इलाज के लिए अभिनेता सोनू सूद ने गुजरात बुलाया है। 

अभिनेता सोनू सूद ने मदद के लिए बढ़ाया हाथ
दरअसल, विष्णु कर्मकार के 5 महीने के बेटे शिव कर्मकार का लीवर खराब है। डॉक्टर ने लीवर को ट्रांसप्लांट कराने के लिए बोला है, जिसमें 20 से 25 लाख रुपए खर्च होंगे। विष्णु कर्मकार घर पर छोटी सी दुकान चलाते है। इतनी बड़ी राशि का इंतजाम मजदूर विष्णु के लिए असंभव है। मामले में नन्हे शिव कर्मकार के दादा बबुआ कर्मकार ने बताया कि बच्चे का जन्म 9 अगस्त,  2022 को ननिहाल गोड्डा जिले के रामगढ़ गांव में हुआ था। जन्म के साथ ही उसमें कई तरह की समस्याएं दिखने लगीं। लोगों ने कहा कि पीलिया है। बेटा विष्णु उसे दिखाने देवघर ले गया। कुछ दिन इलाज चला, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद बेटे ने उधवा के साथ-साथ साहिबगंज, पाकुड़ व भागलपुर में भी इलाज कराया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। फिर विष्णु बेटे को लेकर पटना पहुंचा, जहां डाॅक्टर ने बताया कि उसका लीवर खराब है। उसे बदलना पड़ेगा, जिसका खर्चा 20 से 25 लाख रुपए तक होगा।

बच्चे को लेकर गुजरात रवाना हो गए परिजन
विष्णु के कुछ शुभचिंतकों ने सोनू सूद से मदद की गुहार लगाई थी, जिसके बाद सोनू सूद ने फोन कर बच्चे का इलाज कराने के लिए गुजरात बुलाया है। वहीं, विष्णु अपनी पत्नी और बेटे शिव के साथ गुजरात रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि शिव कर्मकार के शरीर में पित्त की थैली भी नहीं है। खाना पचता नहीं है। पेशाब भी सरसों तेल जैसा होता है।

Content Editor

Khushi