रांची में दामाद ने की सास की पत्थर से कूचकर हत्या, मामला दर्ज

4/24/2021 6:08:13 PM

 

रांचीः झारखंड में रांची जिले के लापुंग थाना क्षेत्र में दामाद ने अपनी सास की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि जिले के बेड़ो थाना क्षेत्र के टिकरा टोली गांव निवासी 40 वर्षीय शकुंतला देवी की उसके दामाद सूरज उरांव ने गुरूवार की रात हत्या कर दी।

इस मामले में मृतक की बेटी सोनी कुमारी ने अपने पति सूरज उरांव के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। थाना प्रभारी त्रिपुरारी कुमार ने बताया कि शकुंतला देवी बेड़ो थाना क्षेत्र के टिकरा टोली गांव निवासी थी। शकुंतला की बेटी और सूरज उरांव ने प्रेम विवाह किया था। शादी के कुछ दिनों के बाद से दोनों में विवाद शुरू हो गया। मामले को लेकर सोनी महिला थाना जा पहुंची जहां दोनों के बीच काउंसिलिंग चल रही थी। दोनों के बीच इस बात पर सुलह हुई कि पति-पत्नी अलग-अलग रहेंगे।

कुमार ने बताया कि इसके कुछ दिन बाद ही सोनी ने एक बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद दोनों के बीच फिर से विवाद बढ़ने लगा। सोनी की मां दामाद से बच्ची की परवरिश एवं शादी के लिए रुपए की मांग करने लगीं। इसी बात को लेकर शकुंतला और उसकी बेटी सूरज के घर कोयसारा चले गए। जहां इस बात को लेकर सास और दामाद के बीच आपसी झड़प हो गई। इसके बाद सूरज ने सास की पत्थर से कूचकर हत्या कर दी।

Content Writer

Diksha kanojia