''लोकसभा में बिल नहीं गिरा बल्कि पूरा इंडी गठबंधन महिलाओं की नजर में गिरा''- श्रेयसी सिंह का तीखा हमला
Monday, Apr 20, 2026-10:51 AM (IST)
Women Reservation Bill: बिहार की पूर्व मंत्री सह जमुई विधायक श्रेयसी सिंह ने कहा कि विपक्ष के लोग आधी आबादी को सिर्फ नारों तक ही सीमित रखना चाहते हैं और लोकसभा में बिल नहीं गिरा बल्कि पूरा इंडी गठबंधन महिलाओं की नजर में गिरा है।
असम के पूर्व मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री सर्वानंद सोनोवाल और श्रेयसी सिंह ने झारखंड में भाजपा के प्रदेश कार्यालय रांची में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम मामले में कांग्रेस और उनके सहयोगी पार्टियों ने पाप किया है उसकी सजा उन्हें भुगतनी ही होगी। महिलाओं को आगे बढ़ाने में कांग्रेस की नीतियां हमेशा सीमित रही हैं। उनका एक दायरा है। कांग्रेस के लिए महिला मतलब इंदिरा गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी ही होता है बाकी उनके लिए उनकी नजर में किसी महिला का कहीं कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री गरीब परिवार से आते हैं। उन्होंने सेवक बनकर देश की सेवा की है और हर समुदाय की महिलाओं को आगे बढ़ाने का मौका दिया है, उनके परिवार की चिंता की है।
केंद्रीय मंत्री रांची स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संदर्भ में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। सोनोवाल ने कहा कि भारतवर्ष में नारी शक्ति, मातृशक्ति की पर्याय मानी जाती हैं। महिलाओं के उत्थान के बगैर कोई भी कल्पना बेमानी है। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सहित अन्य कई कार्यक्रम के माध्यम से महिलाओं को समान रूप से आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री ने कई कार्यक्रम लागू किया है। आज इसी का परिणाम है कि महिलाएं हर क्षेत्र में परचम लहरा रही है।

