झारखंड खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय सह कार्यकारी निदेशक का सरोजिनी लकड़ा ने लिया पदभार

10/1/2022 3:40:56 PM

रांचीः अपर पुलिस अधीक्षक (संचार एवं तकनीकी सेवाएं) सरोजिनी लकड़ा ने निदेशक, खेलकूद एवं युवाकार्य निदेशालय- सह- कार्यकारी निदेशक, झारखंड खेल प्राधिकरण का प्रभार आज ग्रहण कर लिया है। लकड़ा ने पदभार ग्रहण करने के बाद सभी पदाधिकारियों और कर्मचारियों से परिचय प्राप्त किया।

इसके बाद निदेशालय एवं झारखंड खेल प्राधिकरण के सभी प्रकार की गतिविधियां, कार्ययोजना का विस्तृत प्रतिवेदन, कार्यक्षेत्र, खेल आयोजन, खेल कैलेंडर, खेल गतिविधियों आदि पर चर्चा की। उन्होंने खेल को प्रगति पथ पर अग्रसर करने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की प्रेरणा भी दी। लकड़ा ने सभी खिलाड़ियों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए विभाग की ओर मुहैया होनेवाले खेल गतिविधियों के खेल सामग्री, आवासन तथा कैश अवार्ड एवं स्कॉलरशिप से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय से देवशरण दास, प्रशाखा पदाधिकारी, झारखंड खेल प्राधिकरण से प्रमोद शरण विशेष कार्यपदाधिकारी, देवेंद्र कुमार, खेल परामर्शी, अभिषेक नंद, छटकु उरांव, राष्ट्रीय खिलाड़ी, शंकर पाल, स्टेडियम मैनेजर, प्रदीप मिर्धा, कुश कुमार साहू एवं जिला खेल पदाधिकारी कार्यालय के कर्मचारी मुकेश कुमार एवं अन्य उपस्थित थे।

पदभार ग्रहण करने पर लकड़ा को बधाई देने वालों में वुशु संघ के चंचल भट्टाचार्य, उदय साहू, शैलेंद्र दुबे, भारतीय हॉकी संघ के सचिव भोलानाथ सिंह, हॉकी झारखंड के सीइओ रजनीश कुमार, झारखंड एथलेटिक्स संघ के शशांक सिंह, योग फेडरेशन ऑफ़ इंडिया के महासचिव संजय कुमार झा सहित झारखंड खेल विभाग के पदाधिकारी व कर्मचारी, विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी शामिल हैं।

Content Writer

Diksha kanojia