साहिबगंज: पुलिस ने तीन किलोग्राम अफीम के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

9/27/2020 4:20:05 PM

साहिबगंजः झारखंड में साहिबगंज जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ के चलाए जा रहे अभियान में पुलिस ने तीन किलोग्राम अफीम जब्त कर एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।

पुलिस कप्तान अनुरंजन किस्पोट्टा ने शनिवार को बताया कि सूचना मिली कि राजमहल थाना क्षेत्र के हसन टोला निवासी 35 वर्षीय हमीद राजा ने बड़ी मात्रा में अफीम लाकर अपने घर पर छुपा रखा है। इसी आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (राजमहल) अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित कर हामिद राजा के घर पर छापेमारी की गई।

इस दौरान मौके पर से प्लास्टिक के थैले में रखा करीब 3 किलोग्राम अफीम, 2 मोबाइल एवं करीब ढाई लाख रुपए समेत अन्य सामान मिला है। किस्पोट्टा ने बताया कि गिरफ्तार हमीद पुराना अफीम तस्कर रहा है।

पूछताछ में हमीद ने स्वीकार किया कि खूंटी जिले से वह अफीम मंगवा कर इसे अपने इलाके में कई गुना अधिक दामों में बेचा करता है। जब्त अफीम की कीमत करीब 20 लाख रुपया आंका गया है।

Diksha kanojia