कांग्रेस शासन का राजभवन याद करें बड़बोले नेता: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष

10/21/2020 2:15:54 PM

रांचीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अनुसूचित जनजाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव ने राजभवन के राजनीतिक उपयोग से संबंधित कांग्रेस नेताओं के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कांग्रेस के बड़बोले नेता अपने शासन को याद करें।

उरांव ने मंगलवार को कहा कि राजभवन का कांग्रेस पार्टी ने कितना और कैसे राजनीतिक उपयोग किया है यह देश और प्रदेश की जनता भली भांति जानती है। उन्होंने कहा कि झारखंड प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेताओं को राष्ट्रपति शासन में तत्कालीन राज्यपाल की भूमिका, राजभवन के पद प्रभाव का उपयोग ये सब खूब याद होगा। भाजपा पर उंगली उठाने के पहले अपने गिरेबान में भी झांकना चाहिए।

भाजपा सांसद ने कहा कि गैर कांग्रेसी राज्य सरकार को कांग्रेस शासन ने राजभवन का दुरुपयोग कर जितना परेशान किया है, राष्ट्रपति शासन लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटा है वह सब भारत के इतिहास का काला पन्ना है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के लोग बयान न देकर काम पर ध्यान दें तो ज्यादा भला होता।

Diksha kanojia