कृषि सुधार संबंधी विधेयक से किसान होंगे बर्बाद, बेरोजगारी भी बढ़ेगी: कांग्रेस

9/25/2020 10:38:08 AM

 

रांचीः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं झारखंड प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी आरपीएन सिंह ने केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार को किसान विरोधी और विकास विरोधी करार दिया। साथ ही कहा कि इस सरकार ने किसानों से संबंधित जो 3 विधायक लाए हैं, इससे किसान तो बर्बाद होंगे ही बेरोजगारी भी बढ़ेगी।

आरपीएन सिंह ने गुरुवार को दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रांची के पत्रकारों से बातचीत में कहा कि नए विधेयक से किसान अपने ही खेत में मजदूर बनकर रह जाएंगे। उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने किसानों की गरीबी समाप्त करने के लिए जिस हरित क्रांति की शुरुआत की थी। भाजपा ने लोकसभा और राज्यसभा में काला विधेयक पारित कर इसे समाप्त करने का प्रयास किया है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि देशभर के किसान बिल का जबरदस्त विरोध कर रहे हैं और सड़कों पर हैं। कांग्रेस इन किसानों के साथ है और आगे भी इनके ही साथ रहेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समझती थी कि भाजपा किसानों की जिम्मेदारी समझेगी लेकिन भाजपा ने जिम्मेदारी न दिखाकर जमींदारी प्रथा लागू करने का प्रयास किया है। इसे सफल नहीं होने दिया जाएगा।

Nitika