रांची हिंसाः रात्रि 12 बजे 2 मंदिरों पर फेंका गया पेट्रोल बम, रात भर दहशत में रहा पुजारी का परिवार

6/13/2022 11:29:34 AM

 

रांची: झारखंड में बीते 10 जून शुक्रवार को नमाज के बाद राजधानी रांची में जगह-जगह बवाल हुआ। रांची के महात्मा गांधी रोड के अलावे अन्य क्षेत्र के मंदिरों पर भी उपद्रवियों द्वारा हमला किया गया। रांची के हिन्दपीढ़ी फर्स्ट स्ट्रीट में स्थित शिव मंदिर और बड़ा तालाब के समीप सूर्य मंदिर पर पेट्रोल बम उपद्रवियों द्वारा फेंका गया।

मौके पर पुलिस पहुंची और पेट्रोल बम से लगी आग को बुझाया गया, पुजारी के परिवार वालों का कहना है कि रात भर वे लोग दहशत में थे। पुलिस आने के बाद थोड़ा मन शांत हुआ लेकिन कुछ पल ऐसा लग रहा था कि उन्हें इसी मंदिर परिसर पर मार दिया जाएगा। शुक्रवार को राजधानी रांची के दोपहर में जमकर बवाल हुआ। शाम 7 से 8 बजे तक पुलिस की मुस्तैदी के बाद धीरे-धीरे चीजें सामान्य होने लगी। धारा 144 लागू करने के बाद सभी लोग घरों के अंदर थे। अब लग रहा था कि कहीं भी कुछ भी अप्रिय घटना नहीं घटेगी लेकिन रात के 12 से 1 बजे के बीच बड़ा तालाब के समीप स्थित सूर्य मंदिर पर उपद्रवियों ने पेट्रोल बम फेंककर पुजारी और उसके परिवार को दहशत में ला दिया।

पुजारी और परिवार वालों का कहना है कि पेट्रोल बम से मंदिर पर हमले किए गए जिससे पुजारी के परिवार सदमे में आ गए। डर से परिवार का हालत खराब है तब 100 नंबर डायल कर इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस पहुंचने के बाद फेंके गए पेट्रोल बम के आग के लपेटे को बुझाया गया और मंदिर के समीप पुलिस के जवान तैनात किए गए इसके बावजूद लोग रात भर नहीं सो सके।

Content Writer

Diksha kanojia