रामगढ़: अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की मौत, अज्ञात शव बरामद

4/17/2022 6:06:45 PM

 

 

रामगढ़ः झारखंड के रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग घटनाओं में रविवार को दो लोगो की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि जिले के पतरातू डीजल कॉलोनी पानी टंकी निवासी साहिल अंसारी (18 वर्ष) अपने भाई शहजाद और मिस्टू के अलावा दोस्तों के साथ वाहन धोने नलकारी नदी गया था। नलकारी पुल के पास उसके भाई बोलेरो धोने लगा।

इस दौरान साहिल अपने दो दोस्तों के साथ नदी में झरने के पास नहाने चला गया। जहां पैर फिसलने से वह नदी में डूब गया। सूत्रों ने बताया कि साहिश के दोस्तों और आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे नदी से उसे निकाला और भुरकुंडा सीसीएल अस्पताल ले गये। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। मामले की सूचना पर भुरकुंडा पुलिस भी अस्पताल पहुंची और घटना के संबंध में जानकारी ली। वहीं, दूसरी घटना सयाल-उरीमारी दामोदर पुल पर रविवार की सुबह सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई।

सयाल-उरीमारी दामोदर पुल पर सयाल टीना साइड निवासी राजा कुमार (लगभग 22 वर्ष) के मोटरसाइकिल से कई जा रहा था तभी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजा कुमार पुल की रेलिंग से टकराया और बाइक से उछलकर दामोदर नदी में जा गिरा। जिससे उसकी मौत हो गई। उधर, वेस्ट बोकारो आउट पोस्ट क्षेत्र के केदला गुरुटांड में पुलिस ने 50 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया है। मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमाटर्म के लिए रांची भेज दिया है।

Content Writer

Diksha kanojia