रामेश्वर उरांव बोले- झारखंड में अभी लॉकडाउन लगाने जैसी स्थिति नहीं

4/17/2021 3:41:15 PM

रांची/लोहरदगाः झारखंड के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने राज्य में लॉकडाउन की संभावनाओं को लेकर शुक्रवार को स्पष्ट किया कि प्रदेश में अभी लॉकडाउन लगाने जैसी स्थिति नहीं है। डॉ. उरांव ने अपने विधानसभा क्षेत्र लोहरदगा में जिले के उपायुक्त पुलिस अधीक्षक, सिविल सर्जन समेत अन्य अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

इस दौरान उन्होंने जीवन और जीविका पर जोर दिया। उन्होंने लोहरदगा जिला में कोविड-19 संक्रमण से उत्पन्न स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद मंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि अभी पूर्ण लाकडाउन जैसी स्थिति नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष भी पूर्ण लॉकडाउन लगा था। लॉकडाउन का बहुत फायदा नहीं हुआ, आर्थिक गतिविधियां रुक गयी, लोग बेरोजगार हुए। सरकार के लिए जीवन बचाने के साथ ही जीविका को भी बचाने की चुनौतियां है।

डॉ. उरांव ने कहा कि तमाम बड़े शहरों से प्रवासी श्रमिक वापस लौट रहे है, इन पर नजर रखने की जरुरत है। इनकी कोरोना जांच करायी जाएगी और वे संक्रमित पाए जाते है, तो उन्हें आइसोलेशन में रखने की व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि संक्रमण से उत्पन्न परिस्थितियों को लेकर सख्तियां बढ़ायी जाएगी। उन्होंने प्रवासी श्रमिकों और ग्रामीण क्षेत्र में अन्य लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के सवाल के संबंध में कहा कि इस संबंध में वे ग्रामीण विकास मंत्री से बात करेंगे।

Content Writer

Diksha kanojia