सिमडेगा में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने की आउटरीच अभियान की समीक्षा

7/4/2021 6:24:32 PM

 

रांचीः झारखंड कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष सह वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने तीन दिवसीय सिमडेगा जिले के दौरे के क्रम में रविवार को दूसरे दिन पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की और आउटरीच अभियान की समीक्षा की।

सिमडेगा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष अनूप केशरी की अध्यक्षता में पार्टी के जिला पदाधिकारियों, प्रखंड अध्यक्षों और अन्य पदाधिकारियों की हुई बैठक के दौरान पार्टी के कई नेताओं-कार्यकर्त्ताओं ने अपने क्षेत्र की समस्या को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के समक्ष रखा। लोगों ने अपने क्षेत्र में बिजली, सड़क और पेयजल की समस्या के अलावा ग्रामीण इलाकों में जंगली हाथियों के उत्पात से भी अवगत कराया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने इन सारे मामलों में जिले के उपायुक्त तथा अन्य संबंधित अधिकारियों से बातचीत कर समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने पार्टी की ओर से आयोजित देशव्यापी आउटरीच कार्यक्रम की भी समीक्षा की। इस दौरान गांव-गांव जाकर सर्वे अभियान में जुटे पार्टी के कोरोना योद्धाओं की ओर से पूरी रिपोटर् से प्रदेश अध्यक्ष को अवगत कराया गया। इस दौरान विधायक भूषण बाड़ा के अलावा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता-कार्यकर्त्ता मौजूद थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता राम नारायण सिंह रोहिल्ला के घर जाकर उनसे मुलाकात की। रोहिल्ला की तबीयत पिछले कुछ दिनों से खराब चल रही थी। मंत्री ने उनका हाल-चाल लिया और उनके जल्द स्वास्थ होने की मांग की।

डॉ. उरांव ने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक करने के साथ ही आउटरीच अभियान का जायजा लेने खुद करजा पंचायत के कसईदोहर गांव भी पहुंचे। जहां उन्होंने पार्टी के कोरोना योद्धाओं का मनोबल बढ़ाया एवं सर्वे अभियान में शामिल हुए और कहा कि तैयार हो रहे डाटाबेस को बनाने में पूरी तरह से सतकर्ता बरते और सत्यता की जांच कर लें। उन्होंने कोरोना योद्धाओं से लोगों को वैक्सीनेशन के लिए प्रेरित करने और इस कार्य में ग्रामीणों को सहयोग करने का भी निर्देश दिया।

इस दौरान कोरोना योद्धाओं की ओर से उन्हें यह जानकारी दी गयी कि अब लोग खुद जागरूक हो रहे है और घर निकल कर स्वयं टीकाकरण केंद्रों तक पहुंच रहे हैं। इस बीच पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता आलोक दुबे ने बताया कि डॉ. रामेश्वर उरांव 5 जुलाई को वापस रांची लौटेंगे और कांग्रेस भवन में प्रदेश कांग्रेस कमिटी अल्पसंख्यक विभाग की बैठक में शामिल होंगे।
 

Content Writer

Diksha kanojia