Ram Navami 2026: झारखंड में आज रामनवमी की धूम, सभी जिलों में निकाला जाएगा भव्य जुलूस; 10,000 से ज्यादा सुरक्षा बल तैनात

Friday, Mar 27, 2026-10:36 AM (IST)

Jharkhand News: झारखंड के विभिन्न जिलों में रामनवमी का त्योहार पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया जा रहा है। भगवान राम के जन्मोत्सव को लेकर लोगों में खासा जोश देखने को मिल रहा है।

सभी जिलों में निकाली जाएंगी भव्य शोभायात्राएं
राज्य के कई जिलों में रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। सुबह से ही राम और हनुमान मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी हुई है। मंदिरों में पुराने झंडों की जगह नए झंडे लगाए जा रहे हैं। चैत्र नवरात्र का समापन भी हवन के साथ किया गया, जिसके बाद कन्या पूजन और ब्राह्मण भोज का आयोजन हुआ। दोपहर के बाद राज्य के लगभग सभी जिलों में रामनवमी समितियों द्वारा भव्य शोभायात्राएं निकाली जाएंगी। इन जुलूसों में लाठी, तलवार और पारंपरिक करतब लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

कई जगह ड्रॉप गेट लगाए गए हैं
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे राज्य में कड़े इंतजाम किए गए हैं। करीब 5000 जवानों के साथ 5400 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। नए और प्रशिक्षु डीएसपी को भी ड्यूटी पर लगाया गया है। डीजीपी ने सभी जिलों को सतर्क रहने और खुफिया तंत्र को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। राजधानी रांची में इस बार खास तैयारी की गई है। 28 मार्च तक ट्रैफिक रूट में बदलाव किया गया है। कई जगह ड्रॉप गेट लगाए गए हैं और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है। जुलूस सर्जना चौक से शुरू होकर मेन रोड, सुजाता चौक होते हुए तपोवन मंदिर तक जाएगा।

जुलूस की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी
कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया में मुख्य कार्यक्रम प्रखंड मैदान में होगा, जहां विभिन्न समितियां अपने-अपने जुलूस के साथ पहुंचेंगी और करतब दिखाएंगी। बेहतर प्रदर्शन करने वालों को सम्मानित भी किया जाएगा। रांची में जुलूस की निगरानी ड्रोन कैमरों से की जाएगी। ऊंची इमारतों और छतों पर भी पुलिस तैनात रहेगी। 27 मार्च को दोपहर 12:30 बजे से रात 12:30 बजे तक ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। सुबह 8 बजे से 20 घंटे तक भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी। बड़े वाहनों को रिंग रोड से गुजरने की अनुमति दी गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static