Ram Navami 2023: झारखंड में रामनवमी जुलूस को लेकर हाई अलर्ट जारी, ड्रोन से की जा रही निगरानी, हजारों जवान तैनात

3/30/2023 10:45:31 AM

रांची: आज रामनवमी का त्यौहार देश भर में धूम-धाम से मनाया जा रहा है। वहीं, झारखंड में रामनवमी पर्व को लेकर राज्य पुलिस विशेष एहतियात बरत रही है, खास तौर से पुलिस की नजर शोभा यात्रा के उन रास्तों पर है जहां से शोभायात्रा निकलनी है। शोभा यात्रा को लेकर ड्रोन कैमरे की भी मदद ली जा रही है।

राज्य में रामनवमी को लेकर किए गए हैं सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम  
दरअसल, रांची जिले के साथ-साथ राज्य के तमाम जिलों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। राज्य में किसी तरह की हिंसा ना फैले और ना ही किसी को किसी भी तरह की परेशानी हो, इसके लिए सुरक्षा जवान हर तरफ तैनात हैं। खास तौर पर ड्रोन को हायर किया गया है। शहर से लेकर गांव तक में पुलिस बलों की तैनाती की गई है। इतना ही नहीं शहर में फ्लैग मार्च निकाले जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की ओर से रामनवमी पर स्पेशल ड्राइव चलाए जाएंगें। शोभायात्रा पर जवानों की भी पैनी नजर रहेगी।

छतों पर पत्थर या बिल्डिंग मैटेरियल न हो इसके लिए की जा रही है मैपिंग
मामले में दक्षिणी छोटानागपुर जोन के DIG अनूप बिरथरे ने बताया कि पिछले वर्ष की दक्षिणी छोटानागपुर जोन में रांची और लोहरदगा मे उपद्रव हुए थे जिस वजह से इस वर्ष विशेष रूप से ध्यान दिया जा रहा है ताकि किसी भी तरह की आपात स्थिति इस वर्ष पैदा न हो। उन्होंने कहा कि छतों पर कोई भी पत्थर या बिल्डिंग मैटेरियल जिसका इस्तेमाल दंगों में किया जा सकता है उसकी मैपिंग की जा रही है, ताकि समय रहते उन्हें हटाया जा सके। अगर किसी के घर के छत पर या सड़क किनारे ईंट या पत्थर नजर आया तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद लगभग सभी लोगों ने अपने घर के छत खाली कर दिए हैं। वहीं, पशु मालिकों को लावारिस छोड़ दिए गए पशुओं को घर में रखने का निर्देश दिया है। इसको लेकर लगातार पूरे शहर में अनाउंसमेंट जारी है।

Content Editor

Khushi