रघुवर दास बोले- सिमडेगा में भाजपा कार्यकर्ता को जिंदा जलाने की घटना पाशविक

1/9/2022 5:12:23 PM

 

सिमडेगाः झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को कहा कि बेसराजरा में भाजपा कार्यकर्ता संजू प्रधान को जिंदा जलाकर मारने की घटना पाशविक है और यह पूर्व सुनियोजित थी जिसमें दलित समुदाय के एक व्यक्ति को अधमरा कर जिंदा जला दिया गया।

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने शनिवार को पीड़ित परिवार को सांत्वना देने के बाद मीडिया से बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘बबुआ मुख्यमंत्री के राज में सबसे अधिक अत्याचार आदिवासियों एवम दलितों पर हो रहा है।'' दास ने मुख्यमंत्री पर सीधे आरोप लगाते हुए कहा कि उनके संरक्षण में ही आपराधिक घटनाएं घट रही हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार के दो वर्ष के कार्यकाल में भीड़ द्वारा हत्या की 11 घटनाएं घटी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार एवं कांग्रेस पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति करती हैं और बेसराजरा में जब एक दलित पर इतना बड़ा अत्याचार हुआ है तो कांग्रेस की नेता सोनिया गांधी एवं राहुल गांधी भी खामोश हैं। उन्होंने कहा कि पूरी घटना में पीड़ित परिवार ने जो आरोप लगाए हैं वह बहुत गंभीर हैं और पूरी घटना के पीछे स्थानीय विधायक की भूमिका भी संदिग्ध है।

दास ने आरोप लगाया कि कुछ दिन पूर्व खूंटकटी कानून के नाम जल, जंगल, जमीन पर आदिवासियों के हक के नाम पर लोगों को भड़काया था, वहीं पूरी घटना पुलिस के समक्ष घटी, जो पुलिस की विश्वसनियता पर सवाल उठाती है। पूर्व मुख्यमंत्री ने इस मामले की जांच सीबीआई से कराने की मांग की ताकि दूध का दूध और पानी का पानी हो सके।

Content Writer

Diksha kanojia