झारखंड में पक्ष-विपक्ष के सदस्यों ने नए राज्यपाल रमेश बैस को दी बधाई व शुभकामनाएं

7/15/2021 11:34:40 AM

रांचीः झारखंड के 10वें राज्यपाल के रूप में शपथ लेने वाले रमेश बैस को सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा, कांग्रेस और राष्ट्रीय जनता दल के अलावा मुख्य विपक्षी दल भाजपा की ओर से भी बधाई और शुभकामनाएं दी गई है।

राज्य के वित्त तथा खाद्य आपूर्ति मंत्री सह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. रामेश्वर उरांव ने कहा कि झारखंड पांचवीं अनुसूची में शामिल राज्यों में शामिल है। संविधान की पांचवीं अनुसूची के प्रावधान के अनुरूप राज्यपाल ही अभिभावक होते है। झारखंड आदिवासी बहुल राज्य है, ऐसे में उनसे राज्य के लोगों को काफी उम्मीद है, वे आदिवासियों का कल्याण करेंगे और झारखंड को बेहतर राज्यों की श्रेणी में शामिल करने में सहयोग करेंगे। लोक जनशक्ति पार्टी के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र प्रधान ने राज्यपाल बैस को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सात बार सांसद रह चुके बैस संविधान और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के नब्ज को समझते है और अब झारखंड को उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह ने भी बैस को बधाई दते हुए कहा कि सात बार सांसद और त्रिपुरा के राज्यपाल रहे रमेश बैस को काफी अनुभव है और उन्हें झारखंड का राज्यपाल बनाया जाना हर्ष का विषय है। सांसद संजय सेठ ने भी कहा कि बैस के अनुभव का पूरा लाभ झारखंड को मिलेगा। राज्य को नयी दिशा और दशा देने तथा उनकी योग्यता और काम करने की शैली से सभी अवगत है।

Content Writer

Diksha kanojia