राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद जबलपुर के लिए हुई रवाना

11/15/2022 1:42:26 PM

रांचीः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर उनके जन्म स्थली उलीहातू, खूंटी में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद जबलपुर के लिए प्रस्थान कर गई।

राष्ट्रपति मुर्मू के बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची से प्रस्थान के समय झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा और केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी मौजूद रहीं। इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दिल्ली से आज सुबह भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से रांची के बिरसा मुंडा हवाई अड्डे पर पहुंची थी जहां राज्यपाल रमेश बैस और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने उनकी अगवानी की और फूलों का गुलदस्ता देकर उनका अभिनंदन किया। बाद में राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली खूंटी के उलिहातू भारतीय वायु सेना के विशेष हेलिकॉप्टर एम आई 13 से गई। राष्ट्रपति मुर्मू ने झारखंड में भगवान बिरसा मुंडा की जन्म स्थली उलीहातू, खूंटी में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर राष्ट्रपति ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से मुलाकात की। राष्ट्रपति के अलावा झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, जनजातीय मामलों के केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी और राज्य की महिला, बाल विकास एवं समाज कल्याण मंत्री जोबा मांझी ने भी उलीहातू में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद हेलीकॉप्टर से राष्ट्रपति रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंची और वहां से विशेष विमान से जबलपुर के लिए प्रस्थान कर गई। 

Content Writer

Diksha kanojia