करमा विसर्जन के दौरान हुए हादसे पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक

9/19/2021 10:38:35 AM

 

लातेहारः झारखंड के लातेहार जिले में दो स्थानों पर ‘करमा पूजा' के बाद डाली विसर्जित करने के दौरान सात लड़कियों समेत आठ लोगों की डूबने से मौत हो गई। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी। उपायुक्त अबू इमरान ने बताया कि ये घटनाएं जिले में शेरेगाड़ा के बुकरू गांव और शिबला पंचायत के एक अन्य गांव में उस वक्त हुई जब वे करमा पूजा के बाद पेड़ की डाली विसर्जित करने एक तालाब गई थीं।

इमरान ने बताया कि जिले के उप विकास आयुक्त शेखर वर्मा को बुकरू में 12 से 20 वर्ष की आयु की सात लड़कियों के डूबने की जांच करने को कहा गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने इस घटना पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, ‘‘झारखंड के लातेहार में करम डाली के विसर्जन के दौरान दर्दनाक दुर्घटना में कई लड़कियों की मौत की खबर सुनकर मैं बहुत दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मैं शोक संतप्त परिवारों के सदस्यों के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।
 

''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘‘झारखंड के लातेहार जिले में डूबने से लड़कियों की मौत से स्तब्ध हूं। दुख की इस घड़ी में शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।'' मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट किया, ‘‘लातेहार जिले के शेरेगाड़ा में करम डाली (करमा पेड़ की डालियां) विसर्जन के दौरान 7 बच्चियों की डूबने से हुई मौत की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। परमात्मा दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान कर शोक संतप्त परिवारों को दुःख की घड़ी सहन करने की शक्ति दें।''
 

 

Content Writer

Diksha kanojia