झारखंड से खरीद कर लाई गई नाबालिग को पुलिस ने कराया मुक्त, दो आरोपी गिरफ्तार

1/24/2022 12:10:52 PM

रांची/पीलीभीतः उत्तर प्रदेश में पीलीभीत के कोतवाली जहानाबाद क्षेत्र से झारखंड पुलिस ने खरीद कर लाई गई नाबालिग किशोरी को बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने रविवार को बताया कि क्षेत्र के ग्राम कल्याणपुर निवासी राजेंद्र कश्यप ने झारखंड से एक नाबालिग लड़की को लाकर कोतवाली जहानाबाद की ललौरीखेड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम मीरपुर में लाकर एक परिवार को 46 हजार रूपये में बेच दिया। परिवार ने खरीदी गई नाबालिग लड़की की शादी अपने भाई राम कुमार के साथ करा दी। लड़की की मां की शिकायत पर झारखंड पुलिस व कोतवाली जहानाबाद पुलिस ने संयुक्त रूप से नाबालिग लड़की के कथित पति राम कुमार एवं झारखंड से लाकर बेचने वाले राजेंद्र कश्यप को गिरफ्तार कर लिया।

थाना जहानाबाद में कानूनी कार्यवाही पूरी कर झारखंड पुलिस तीनो को अपने साथ ले गई। कोतवाली जहानाबाद प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र सिंह कटियार ने बताया झारखंड पुलिस लड़की बरामदगी के लिए आई थी। जिस पर जहानाबाद और झारखंड पुलिस की संयुक्त टीम ने लड़की को बरामद कर लिया। लड़की के साथ शादी करने वाले रामकुमार और लड़की को बेचने वाले राजेंद्र को भी गिरफ्तार किया गया है।

Content Writer

Diksha kanojia