हेमंत सरकार को गिराने की साजिश रचने के आरोप में रांची पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार

7/25/2021 12:06:29 PM

रांचीः झारखंड की हेमंत सरकार के खिलाफ काम करने और उसे गिराने की साजिश रचने के आरोप में रांची पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि गिरफ्तार लोगों में अभिषेक दुबे, अमित सिंह और निवारण प्रसाद महतो शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपित रांची के रातू रोड, बोकारो और पलामू के रहने वाले हैं। उनके पास से दो लाख रुपए नगद और स्थानीय विधायकों के साथ हवाई यात्रा के विवरण से संबंधित दस्तावेज भी बरामद किये गए हैं।

इसके पूर्व राज्य सरकार के खिलाफ साजिश रचने को लेकर रांची के बड़े होटलों में जिला पुलिस और स्पेशल ब्रांच की टीम की छापामारी में गिरफ्तार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। कोतवाली थाना में अभिषेक दुबे, अमित सिंह और निवारण प्रसाद महतो के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। इन पर आईपीसी की धारा 419, 420 124-ए, 120 बी, 34 और पीआर एक्ट की धारा 171 के साथ पीसी एक्ट की धारा 8/9 लगाई गई है।

बता दें कि झारखंड की मौजूदा सरकार के खिलाफ कुछ लोग साजिश रच रहे थे। इसकी सूचना पर पुलिस टीम ने कुछ बड़े होटलों में देर छापेमारी की थी। तीनों को न्यायिक हिरासत में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। न्यायालय में प्रस्तुत करने से पहले तीनों का कोविड-19 जांच कराया गया।

Content Writer

Diksha kanojia