चतरा: विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने चार तस्करों को किया गिरफ्तार, अफीम बरामद

6/8/2021 7:29:12 PM

चतराः झारखंड में चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र में सोमवार को अफीम माफिया गिरोह के विरुद्ध चलाए गए विशेष अभियान में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में सदर थाना पुलिस टीम ने अफीम की खरीद-बिक्री के उद्देश्य से चतरा पहुंचे पंजाब के चार तस्करों को सोमवार की शाम गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार तस्करों के पास से पुलिस ने अफीम खरीद को लेकर सैम्पल के रूप में लाया गया एक किलो 540 ग्राम अफीम और एक कार को जप्त किया है। गिरफ्तार तस्करों के तार झारखंड के गुमला, लातेहार, पलामू समेत अन्य जिलों के भी अफीम तस्करी गिरोह से जुड़ा हुए हैं। इस संबंध में जानकारी देते हुए श्री कुमार ने पत्रकारों को बताया कि गिरफ्तार तस्कर वर्तमान में पंजाब में रहकर अफीम गैंग से जुड़कर तस्करी करते हैं।

इसी उद्देश्य से ये लोग अफीम खरीदने चतरा पहुंचे थे जिन्हें पुलिस ने चतरा-डोभी मुख्य मार्ग पर स्थित लरकुआ मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। वहीं, सदर थाना पुलिस की टीम ने थाना क्षेत्र के कारी गांव में भी छिपाकर रखा गया 116 किलो डोडा भी बरामद किया गया है।

Content Writer

Diksha kanojia