रांची के पंडरा थाना में तोड़फोड़ करने वाले 8 उपद्रवियों को पुलिस ने किया गिरफ्तार, प्रशासन ने लोगों से की ये अपील
Monday, Sep 22, 2025-12:33 PM (IST)

रांची: झारखंड रांची के पंडरा थाना क्षेत्र में तोड़फोड़ और उपद्रव मचाने वाले 8 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। ज्ञातव्य है कि गुमला जिले के रहने वाले युवक को पंडरा में ट्रेलर ने टक्कर मारी थी, जिससे उसे गंभीर चोटें आई थीं।
युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शनिवार देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। विशाल भीड़ ने सड़क जाम कर दिया और टायर जलाकर यातायात पूरी तरह से ठप कर दिया। हंगामा बढ़ता देख कुछ उपद्रवियों ने पंडरा थाना परिसर में घुसकर फर्नीचर, कुर्सी, गमले और पुलिस के केस फाइलों को नुकसान पहुंचाया। इससे पुलिस के कामकाज पर असर पड़ा और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पुलिस को स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा। कड़ी मशक्कत के बाद उपद्रवियों को काबू किया गया।
रांची एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी एसपी और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए की टीम ने सीसीटीवी फुटेज व चश्मदीदों की मदद से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें चंदन कुमार, महेश साव, दिनेश राय, कुणाल यादव, कुंदन यादव, अनमोल जायसवाल, मीणा देवी और प्रिया कुमारी शामिल हैं। पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है ताकि क्षेत्र में जल्द से जल्द शांति और व्यवस्था बहाल हो सके।