चतरा में पुलिस ने 1 करोड़ की ब्राउन शुगर के साथ तस्कर को किया गिरफ्तार

6/14/2021 5:18:43 PM

चतराः झारखंड के चतरा जिले में मादक पदार्थों के अवैध धंधेबाजों के खिलाफ पुलिस की ओर लगातार चलाए जा रहे अभियान के क्रम में रविवार को करीब एक करोड़ रुपए मूल्य के ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार किया गया है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (चतरा) अविनाश कुमार ने आज शाम अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में बताया कि पुलिस अधीक्षक ऋषभ झा के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर मादक पदार्थ डोडा, अफीम एवं ब्राउन शुगर जैसे अवैध कारोबारियों के खिलाफ जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में आज राजपुर थाना क्षेत्र के कठोतिया मोड़ में चलाए गए वाहन चेकिंग के दौरान 935 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर लिया गया है। कुमार ने बताया कि गिरफ्तार तस्कर की पहचान सदर थाना क्षेत्र के लोआगड़ा निवासी त्रिभुवन कुमार वर्मा के रूप में की गयी है। बरामद बरामद ब्राउन शुगर का अंतरराष्ट्रीय बाजार मूल्य तकरीबन एक करोड़ रुपए आंका गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को चतरा मंडल कारा भेज दिया गया है।

Content Writer

Diksha kanojia