झारखंड के Dhanbad में फिजियोथेरेपिस्ट की पत्नी छत से कूदी, अपार्टमेंट में मची अफरा-तफरी
Sunday, Mar 01, 2026-12:56 PM (IST)
Dhanbad News: झारखंड के धनबाद के सरायढेला थाना क्षेत्र में स्थित एक अपार्टमेंट में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई। शांति विहार कॉलोनी के प्रगति वाटिका फेज-टू अपार्टमेंट में रहने वाली 35 वर्षीय महिला ने छत से कूदकर जान दे दी। घटना के बाद इलाके में शोक और सन्नाटा छा गया।
छत से कूदकर महिला ने दी जान
सरायढेला थाना क्षेत्र अंतर्गत शांति विहार कॉलोनी के प्रगति वाटिका फेज-टू अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 102 में रहने वाली ममता सिंह ने शनिवार दोपहर अपने ही अपार्टमेंट की छत से छलांग लगा दी। घटना के बाद अपार्टमेंट में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें उठाकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायल अवस्था में महिला को तुरंत शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार और जानने वालों में कोहराम मच गया।
सदमे में परिवार और पड़ोसी
ममता सिंह, फिजियोथेरेपी चिकित्सक डॉ. लक्ष्मण सिंह की पत्नी थीं। इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अपार्टमेंट के अन्य निवासी भी इस घटना से स्तब्ध हैं। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। जानकारी के अनुसार, डॉ. लक्ष्मण सिंह स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं और गिरिडीह में पदस्थापित बताए जाते हैं। सरायढेला के स्टीलगेट के पास उनका एक निजी फिजियोथेरेपी केंद्र भी चलता है। घटना के समय वे ड्यूटी पर थे या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद सरायढेला थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

