रामेश्वर उरांव का केंद्र पर हमला- पक्षपातपूर्ण रवैये के खिलाफ झारखंड की जनता करेगी वोट

10/31/2020 1:31:03 PM

रांचीः झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और राज्य के वित्त एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने शुक्रवार को कहा कि बेरमो और दुमका विधानसभा उप चुनाव में क्षेत्र की जनता केंद्र सरकार के झारखंड जैसे आदिवासी बहुल एवं पिछड़े राज्य के साथ किये जा रहे पक्षपातपूर्ण के खिलाफ वोट करेगी।

डॉ. उरांव ने बेरमो विधानसभा क्षेत्र के जरीडीह प्रखंड के कई गांवों में महागठबंधन के संयुक्त प्रत्याशी अनूप सिंह के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण काल में पिछले सात-आठ महीने के दौरान राज्य सरकार द्वारा हर गरीब एवं जरूरतमंद परिवार को उपलब्ध कराए गए अनाज, प्रवासी कामगारों को ट्रेन, हवाई जहाज और अन्य वाहनों के माध्यम से घर वापसी, प्रवासी कामगारों और श्रमिकों की गांव-घर में ही रोजगार उपलब्ध कराने तथा संकट के समय में स्वास्थ्य समेत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के मुद्दे पर लोग उप चुनाव में वोट करेंगे।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को झूठ की पार्टी करार दिया और कहा कि पार्टी नेता एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड के खजाने को खाली करने का काम किया। गठबंधन सरकार आम जनों के हित में कार्य कर रही है, जबकि पिछले पांच वर्षां में भाजपा की सरकार ने 11 लाख गरीबों के राशन कार्ड को डिलीट करने का काम किया। वहीं, हेमंत सरकार में 14 लाख गरीबों के राशन कार्ड बनवाने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है।

Diksha kanojia