पलामू: सतबरवा के अंचल उप निरीक्षक रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार

7/28/2021 7:01:57 PM

 

डालटनगंजः भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, झारखंड ने बुधवार को पलामू जिले के सतबरवा के अंचल उप निरीक्षक को चार हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रों ने आज बताया कि जिले के बकोरिया के निवासी और परिवादी महेन्द्र उरांव की खानदानी जमीन के कई प्लॉट ऑनलाइन नहीं होने से उनके जमीन की रसीद नहीं कट रही थी। महेन्द्र ने जमीन का खाता- प्लॉट को ऑनलाइन कराने के लिए सतबरवा के अंचल अधिकारी के नाम से आवेदन दिया था लेकिन काफी दिन बीत जाने के बावजूद प्लॉट आनलाइन नहीं हुए। इसके बाद परिवादी बकोरिया पंचायत के अंचल उप निरीक्षक कुमार गौरव से मिले और उनसे प्लॉट को ऑनलाइन कराने का आग्रह किया। सूत्रों ने बताया कि अंचल उप निरीक्षक ने परिवादी से चार हजार रुपए रिश्वत की मांग की।

इसके बाद महेन्द्र ने इसकी लिखित शिकायत ब्यूरो में की। सत्यापन के क्रम में रिश्वत मांगने का प्रमाण मिलने के बाद राजस्वकर्मी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम का गठन किया गया। इस विशेष टीम ने अंचल उप निरीक्षक को आज परिवादी से चार हजार रुपए लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद राजस्व उप निरीक्षक को ब्यूरो कार्यालय लाया गया। पूछताछ के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Content Writer

Diksha kanojia