झारखंड में धान खरीद की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरूः वित्त मंत्री

12/2/2020 12:55:55 PM

रांचीः झारखंड में मंगलवार से धान खरीद की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। राज्य के खाद्य आपूर्ति तथा वित्त मंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव ने बताया कि वर्ष 2020-21 के लिए धान खरीद 1868 रुपए प्रति क्विंटल (सामान्य धान का समर्थन मूल्य) निर्धारित किया गया है।

वहीं जबकि राज्य सरकार द्वारा 182 रुपए प्रति क्विंटल बोनस भी दिया जाएगा, इस प्रकार 2050 रुपये प्रति प्रति क्विंटल की दर से धान की खरीद की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अच्छी बारिश के कारण धान की अच्छी खेती हुई है और यह उम्मीद की जा रही है कि पिछले वर्ष की तुलना में धान की अधिक खरीद हो सकेगी। कृषि,पशुपालन, मत्स्य एवं सहकारिता मंत्री बादल ने बताया कि धान खरीद को लेकर आवश्यक राशि सभी जिलों को उपलब्ध करा दी गई है।

धान खरीद के एवज में किसानों को धान की बिक्री के तीन दिन के अंदर ही 50 प्रतिशत राशि का भुगतान सुनिश्चित कर दिया जाएगा, शेष राशि भी जल्द ही किसानों के बैंक खाते में हस्तांतरित कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष अच्छी फसल होने के कारण रिकॉर्ड धान की खरीद होने की उम्मीद हैं। वहीं, राज्य सरकार की ओर से बिचौलियों की भूमिका को समाप्त कर किसानों को अधिक से अधिक मुनाफा सुनिश्चित करने को लेकर भी आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

इधर, रांची जिला प्रशासन की ओर से भी धान की खेती को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। रांची जिले के सभी प्रखंडों में लैम्प्स के माध्यम से 23 धान खरीद केंद्र बनाए गए हैं। सभी धान खरीद केंद्रों पर सहकारिता विभाग के पदाधिकारी एवं जनसेवकों को प्रतिनियुक्त किया गया है। रांची जिले में कुल छह राइस मिल को धान प्राप्त करने के लिए अधिकृत किया गया है। इन राइस मिलों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं और दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति भी की गई है।

Diksha kanojia