हजारीबाग: तेज रफ्तार ट्रैक्टर के पलटने से एक मजदूर की मौत, 2 अन्य घायल

7/5/2021 5:58:21 PM

हजारीबागः झारखंड में हजारीबाग जिले के केरेडारी थाना क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर के पलट जाने से एक मजदूर की मौत हो गई तथा दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने आज बताया कि केरेडारी-सलगा मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर के पलट जाने से उस पर सवार तीन लोग वाहन के नीचे दब गए।

मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से ट्रैक्टर को उठा कर उसके नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला। हालांकि, ट्रैक्टर के नीचे दबे एक मजदूर की मौत हो चुकी थी जबकि दो अन्य को गंभीर अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

सूत्रों ने बताया कि मृतक की पहचान सिकंदर भुईयां के रूप में की गई जो मजदूरी का काम किया करता था। सिकंदर आज एक अन्य मजदूर अजय और ट्रैक्टर चालक कुठान गांव जा रहा था। इसी बीच यह हादसा हो गया।

Content Writer

Diksha kanojia