OMG: राज्यपाल के सुरक्षाकर्मी की पिस्टल से दुर्घटनावश चली गोली, अन्य सुरक्षाकर्मी घायल

5/12/2023 12:44:04 PM

हजारीबाग: झारखंड के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन के आयोजित एक कार्यक्रम के समापन के बाद कुछ दूरी पर उनके एक सुरक्षाकर्मी की पिस्तौल से दुर्घटनावश गोली चल गई जो एक अन्य सुरक्षाकर्मी के पैर में लगी जिससे वह घायल हो गया।

पुलिस अधीक्षक मनोज रतन चौथे ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि दुर्घटनावश गोली चलने की यह घटना जिला प्रशासन द्वारा आयोजित कार्यक्रम स्थल से महज 200 मीटर की दूरी पर हुई। उन्होंने बताया कि राज्यपाल का कार्यक्रम हजारीबाग के सदर ब्लॉक के हुतपा गांव के एक विद्यालय में हो रहा था, गोली चलने की घटना से कार्यक्रम स्थल पर थोड़ी देर के लिए अफरातफरी मच गई, लेकिन बाद में कार्यक्रम निर्विघ्न संपन्न हो गया। उन्होंने बताया कि झारखंड पुलिस की विशेष शाखा के 3 उपनिरीक्षक एक वाहन में बैठे थे, जिनमें से 2 पीछे की सीट पर जबकि एक अन्य आगे की सीट पर बैठा। इसी समय एकाएक पीछे बैठे एक पुलिस उपनिरीक्षक की सर्विस पिस्तौल से दुर्घटनावश गोली चल गई और गाड़ी में आगे बैठे पुलिस उपनिरीक्षक बाल गोविंद के पैर में जा लगी जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल पुलिस उपनिरीक्षक बाल गोविंद को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके पैर से गोली निकाली गई। पुलिस ने दोनों पुलिस उप निरीक्षकों के हथियारों की भी जांच प्रारंभ कर दी है।

Content Editor

Khushi