OMG: डायन होने के शक में 55 वर्षीय महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

3/29/2021 12:33:47 PM

रांची: राजधानी रांची से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाले मामला सामने आया है। यहां लापुंग इलाके में एक 55 वर्षीय महिला को डायन बताकर गांव के ही लोगों ने पत्थर और लाठी से पीट कर मौत के घाट उतार दिया। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले के पीछे आपसी रंजिश की भी आशंका जताई जा रही है।

जानकारी मुताबिक सुकरी उराईन और उसके पति ढोबो उरांव अलग-अलग कमरे में सो रहे थे। रात करीब 11 बजे घर में बांस के दरवाजे को खोलकर अज्ञात लोग अंदर घुसे और पत्थर से कुचलकर सुकरी की हत्या कर दी। जबकि दूसरे कमरे में सो रहे पति को घटना की भनक तक नहीं लगी। घटना के वक्त वह कमरे में अकेली सो रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे डीएसपी रजत मणि बाखला ने बताया कि हत्या की वजहों के संबंध में जांच के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। लापुंग पुलिस ने इस मामले में गांव के ही वार्ड सदस्य करमचंद उरांव, संदीप बाड़ा और परदेशिया उरांव को गिरफ्तार कर पूछताछ की है।

मृतका के दो बेटे और दो बेटियां हैं। बड़ा बेटा मदन उरांव शादीशुदा है और उसके 3 बच्चे हैं जो मजदूरी करने बाहर गया है। वहीं बड़ी बेटी उर्मिला का विवाह हो चुका है और वह अपने ससुराल में रहती है। घर में छोटा बेटा अनिल उरांव और छोटी बेटी शांति कुमारी रहते हैं। घटना के वक्त दोनों बाहर के कमरे में सो रहे थे।

Content Writer

Umakant yadav