दिव्यांग जनों को बेहतर सुविधा के लिए रांची में खुले मंत्रालय का कार्यालय: MP संजय सेठ

8/3/2021 6:27:00 PM

रांचीः झारखंड में रांची के सांसद संजय सेठ ने नई दिल्ली में केंद्रीय सामाजिक एवं अधिकारिता मंत्री बीरेंद्र कुमार से मंगलवार को मुलाकात की। रांची लोकसभा क्षेत्र में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के द्वारा पिछले वर्ष सैकड़ों दिव्यांग जनों के बीच 70 लाख रुपए की लागत से बैटरी चालित ट्राई साईकल, रिक्शा, टैबलेट सहित कई अन्य सहायक उपकरणों के वितरण के लिए मंत्रालय का धन्यवाद दिया।

सेठ ने मंत्री को बताया कि इससे दिव्यांग जनों के जीवन में एक बड़ा बदलाव आया है। इनका जीवन आसान हुआ है। इनकी आत्मनिर्भरता बढ़ी है। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्री को एक आग्रह पत्र भी सौंपा। मंत्री को दिए आग्रह पत्र में कहा कि रांची लोकसभा क्षेत्र में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के द्वारा अन्य कई कार्य किए जा सकते हैं, जिससे हम ऐसे लोगों को और अधिक मदद पहुंचा सकें। उन्होंने मंत्री को सुझाव दिया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के द्वारा रांची में एक स्थाई कार्यालय खोला जाना चाहिए। जहां दिव्यांगजनों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जा सकें। इससे उन्हें उनकी जरूरत और समय के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध होंगे।

वहीं सेठ ने रांची लोकसभा क्षेत्र में नशा मुक्ति केंद्र का खोलने की दिशा में निर्देश देने व पहल करने का आग्रह कि़याम उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण में अच्छी भूमिका निभा सकता है। इस द्दष्टि से आपसे आग्रह है कि रांची लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों क्रमश: रांची, हटिया, कांके, सिल्ली, खिजरी, ईचागढ़ के मुख्यालयों में एक-एक नशा मुक्ति केंद्र खोला जाए, जहां लोगों को नशा से मुक्त होने से संबंधित काउंसलिंग व उपचार की व्यवस्था हो। ऐसा करके हम समाज को नशा मुक्त बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम बढ़ा सकते हैं।

Content Writer

Diksha kanojia