झारखंड में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या 80 हजार के पार, संक्रमण से 9 और लोगों की मौत

9/29/2020 11:42:47 AM

रांचीः झारखंड के अलग-अलग जिले में सोमवार को कोरोना संक्रमण के 1508 नए मामलों की पुष्टि होने के बाद प्रदेश में वैश्विक महामारी की चपेट में आने वालों की संख्या 80 हजार को पार कर गई है। वहीं, 9 अन्य पॉजिटिव की मौत से कोविड-19 के कारण जान गंवाने वालों का आंकड़ा बढ़कर 688 हो गया है।

कोविड बुलेटिन के अनुसार, राजधानी रांची के राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) समेत विभिन्न जिले में मौजूद सरकारी एवं निजी जांच केन्द्रों में 82743 स्वाब सैंपल की जांच में 1508 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है। रिपोर्ट में बताया गया कि बोकारो में 20, चतरा में 2, देवघर में 26, धनबाद में 57, दुमका में 12, पूर्वी सिंहभूम में 301, गढ़वा में 5, गिरिडीह में 9, गोड्डा में 89 संक्रमित मरीज पाए गए हैं।

इसी क्रम में गुमला में 14, हजारीबाग में 56, जामताड़ा में 2, खूंटी में 50, कोडरमा में 114, लातेहार में 3, लोहरदगा में 139, पाकुड़ में 7, पलामू में 24, रामगढ़ में 34, रांची में 286, साहेबगंज में 30, सरायकेला में 85, सिमडेगा में 56 और पश्चिम सिंहभूम में 87 संक्रमित मिले हैं। इस तरह राज्य में कोविड पॉजिटिव 81417 हो गई है।

बता दें कि कोविड-19 के अभी 12126 एक्टिव मामले हैं। प्रदेश में अब तक 68603 संक्रमित पूरी तरह रिकवर हो चुके हैं जबकि वैश्विक महामारी से 688 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इस समय सूबे में कोरोना संक्रमितों की रिकवरी रेट 84.26 प्रतिशत है।

Diksha kanojia