हेमंत सरकार में आदिवासी-मूलवासियों के विकास के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं: रघुवर दास

10/13/2020 12:50:31 PM

दुमकाः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने हेमंत सरकार पर आदिवासी एवं मूलवासियों की उपेक्षा का आरोप लगाया और कहा कि सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के पास आदिवासी और मूलवासियों के विकास के लिए कोई ठोस रणनीति और कार्य योजना नहीं है।

दास सोमवार को अग्रसेन भवन में भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा (दुमका जिला) के प्रमुख कार्यकर्ताओं की बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि नौ महीने में ही हेमंत सोरेन सरकार ने राज्य में अराजकता की स्थिति उत्पन्न कर दी है। बिहार में लालू प्रसाद यादव के राज में जिस तरह की जंगल राज की स्थिति थी, वहीं आज झारखंड में दिखाई दे रहा है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि संथाल परगना में आदिवासी बहनों के साथ लगातार अत्याचार हो रहा है। राज्य में नक्सलवाद फिर से अपनी पैर पसार रहा है। ट्रांसफर-पोस्टिंग एक उद्योग बनकर रह गया है। संथाल परगना में सरकार के इशारों पर अवैध खनन चल रहा है। सोरेन परिवार की बहू इस अवैध खनन के खिलाफ लगातार सरकार पर प्रश्नचिह्न खड़ा कर रही है।

Diksha kanojia