गंगा नदी में पानी जहाज हादसे में अब तक किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं: मंत्री

3/25/2022 5:34:11 PM

 

रांचीः झारखंड के संसदीय कार्य मंत्री आलमगीर आलम ने विधानसभा में आज बताया कि साहिबगंज और मनिहारी के बीच गंगा नदी में पानी जहाज डूबने की घटना में अब तक किसी कैजुअल्टी की सूचना नहीं है।

संसदीय कार्य मंत्री ने सदन की कार्यवाही दोबारा 12 बजे दिन में शुरू होने के बाद यह जानकारी दी और कहा कि इस घटना की जांच के लिए अपर समाहर्ता की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय टीम बनाई गई है। इस टीम में एसडीओ के अलावा खनन विभाग और परिवहन विभाग के अधिकारियों को भी शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि पानी जहाज खराब था और रिपेयरिंग के दौरान यह हादसा हुआ। पानी जहाज पर कई ट्रक और लोग थे, इनमें से कुछ लोग लापता भी हैं, लेकिन अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। उन्होंने बताया कि बिहार और झारखंड के गोताखोर राहत और बचाव कार्य में लगे हैं। लेकिन कितने लोग जुड़े हैं इसकी जानकारी अभी तक नहीं मिल पाई है। बिहार और झारखंड दोनों और से बचाव और राहत कार्य चलाया जा रहा है।

वहीं आलमगीर आलम ने बताया कि जहां यह हादसा हुआ है वह क्षेत्र मनिहारी घाट के करीब 10 किलोमीटर के आसपास है। उन्होंने बताया कि एग्रीमेंट के मुताबिक, 2 साल के अंतराल में बिहार और झारखंड की ओर से पानी जहाज का परिचालन किया जाता है और समझौते के अनुरूप किसी घटना होने पर दोनों की सरकार की जिम्मेवारी आती है। उन्होंने बताया कि ओवरलोडिंग मामले की जांच की जा रही है और दोषी होने पर अधिकारियों को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।
 

Content Writer

Nitika