आकाशवाणी एवं दूरदर्शन से क्षेत्रीय भाषाओं में समाचार का हो प्रसारणः बीजेपी सांसद

12/23/2020 12:23:50 PM

रांचीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के रांची से सांसद संजय सेठ ने आज नई दिल्ली में केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर से मुलाकात कर आकाशवाणी एवं दूरदर्शन से क्षेत्रीय भाषाओं में समाचार का प्रसारण कराने की मांग की।

सेठ ने दिल्ली में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री से मुलाकात की और उन्हें एक ज्ञापन सौंपा। अपने ज्ञापन में सेठ ने कहा कि रांची में आकाशवाणी और दूरदर्शन दोनों का प्रसारण केंद्र है। दूरदर्शन में 24 घंटे समाचार प्रसारण शुरू होने के बाद से इसकी लोकप्रियता और भी बढ़ी है। भाजपा सांसद ने कहा कि रांची दूरदर्शन का 24 घण्टे का प्रसारण तो शुरू हो गया है लेकिन बड़े सेटेलाइट नेटवर्क पर उपलब्ध नहीं है।

इन नेटवर्क पर इस चैनल के अब तक उपलब्ध नहीं हो पाने के कारण बड़ी संख्या में नागरिक रांची दूरदर्शन को देखने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने इस दिशा में अविलम्ब पहल करने का आग्रह किया। सेठ ने कहा कि रांची से हिंदी और अंग्रेजी में समाचार प्रसारण होता है। झारखंड में कई क्षेत्रीय भाषाएं हैं। उन्होंने मंत्री से आग्रह किया है कि झारखण्ड की क्षेत्रीय भाषाओं में भी समाचार का प्रसारण शुरू कराया जाए, इससे देशभर के लोगों को नई भाषा की जानकारी भी मिलेगी।

Diksha kanojia