दुमका और बेरमो सीट पर 'NDA' की जीत तय: BJP प्रदेश महामंत्री

11/4/2020 10:55:09 AM

 

रांचीः भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), झारखंड के प्रदेश महामंत्री आदित्य साहू ने दुमका एवं बेरमो सीट पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशियों की जीत का दावा करते हुए मंगलवार को भाजपा के दोनों उम्मीदवार बड़े अंतर से चुनाव जीतेंगे।

साहू ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा कि दोनों क्षेत्रों के मतदाताओं का लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़ कर भाग लेने के लिए उनकी पार्टी आभार व्यक्त करती है। उन्होंने शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए चुनाव आयोग और प्रशासन का भी धन्यवाद किया। भाजपा नेता ने कहा कि उप चुनाव में एक तरफ सरकार तो दूसरी ओर जनता चुनाव लड़ रही थी।

जनता ने राज्य सरकार की वादाखिलाफी, विकास विरोधी, युवा विरोधी, महिला विरोधी, किसान विरोधी सरकार के खिलाफ खुलकर मतदान किया है। उन्होंने कहा कि इस उपचुनाव में सरकार का लोकतंत्र विरोधी चेहरा उजागर हुआ है। बहन बेटियों के साथ बढ़ते बलात्कार,और हत्या पर चुप रहने वाली सरकार ने जिस प्रकार से राष्ट्रवादी सोच वाले राजनीतिक कार्यकर्ता, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश पर देश द्रोह का मुकदमा किया उससे जनता में बड़ा आक्रोश है।

साहू ने कहा कि लाठी-डंडे से भाजपा कार्यकर्ताओं को खदेड़ने की बात करने वाले को आगामी 10 नवंबर को पता चल जाएगा कि जनता में अपने मताधिकार का प्रयोग कर किसे खदेड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विकास के कोई कार्य 10 महीनों में नहीं किया। बजट का 20 प्रतिशत खर्च करने वाले जन समस्याओं पर पैसे का बहाना बनाते रहे क्योंकि इनकी नियत में जनता का विकास है ही नही। यह ठगबंधन केवल जनता को धोखा देने और ठगने के लिये बनाया गया गठबंधन है।

Diksha kanojia