भाकपा माओवादी और पुलिस के बीच आपसी मुठभेड़ में मारा गया 5 लाख का इनामी नक्सली

2/17/2022 9:32:48 AM

 

लोहरदगाः झारखंड में लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र के बुलबुल जंगल में प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा माओवादी और पुलिस के बीच बुधवार को मुठभेड़ हुई, जिसमें पांच लाख रुपये का इनामी माओवादी बालक गंझू मारा गया। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दोनों ओर से लगभग सौ राउंड गोलियां चलीं। उन्होंने बताया कि गोलीबारी में एक नक्सली मारा गया, जिसकी पहचान बालक गंझू के रूप में हुई। बालक गंझू पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने मोर्टार, बम और स्वचालित हथियारों का भी उपयोग किया, हालांकि पुलिस को भारी पड़ता देख बाकी नक्सली बुलबुल पहाड़ की ओर भागने में सफल रहे। पुलिस सूत्रों ने बताया कि नक्सली नाले से पानी लेने के लिए उतरे थे और इसी दौरान नक्सलियों ने सुरक्षाबलों को देखकर गोलीबारी शुरू कर दी।

इसके जवाब में सुरक्षाबलों की ओर से मोर्टार और बम से हमला किया गया जिसमें इनामी माओवादी मारा गया। सूत्रों ने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे तलाशी अभियान की वजह से नक्सली जंगल से निकलना चाह रहे हैं। नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन, झारखंड जैगुआर और जिला पुलिस बल के जवान शामिल हैं।

Content Writer

Diksha kanojia