झारखंड में नक्सलियों की साजिश नाकाम, 4 IED बमों को सुरक्षाबलों ने किया ध्वस्त

Monday, Aug 26, 2024-03:23 PM (IST)


पश्चिमी सिंहभूम:पश्चिम सिंहभूम में चल रहे नक्सल विरोधी अभियान में सुरक्षाबलों को एक बार फिर से कामयाबी मिली है। दरअसल, सुरक्षाबलों ने बीते रविवार को नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान जंगल से 4 आईईडी बम बरामद किए हैं। पुलिस को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से नक्सलियों ने इसे जंगल में लगाकर रखा था, लेकिन सुरक्षा बलों ने उनकी साजिश नाकाम कर दी।

मामले में पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, झारखंड जगुआर और जिला सशस्त्र पुलिस की ओर से संयुक्त रूप से छापामारी अभियान चलाया गया था। इस दौरान टोंटो और गोइलकेरा थाना क्षेत्रों की सीमा से लगे जिमकी एकिर, मुरुम्बुरा और हुसीपी जैसे गांवों के पास नक्सल प्रभावित वन क्षेत्रों में पुलिस पहुंची थी और यहां से आईईडी बरामद हुआ। पुलिस ने बताया कि सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए माओवादियों ने इसे लगाया था।

बता दें कि चारों आईईडी का वजन 5-5 किलोग्राम था, जिनको बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही निष्क्रिय कर जांच के लिए भेज दिया है। आईईडी बरामद होने के बाद भी रात भर पुलिस की छापेमारी अभियान चलता रहा। वहीं, इलाके में अभियान अभी भी जारी है। गौरतलब है कि संयुक्त अभियान की शुरुआत 10 अक्टूबर 2023 को की गई थी, जिसमें झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ और कोबरा बटालियन की टीमों ने मिलकर नक्सलियों के विध्वंसक कार्यों को रोकने के प्रयास किए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static