राहुल गांधी को ''इडियट'' कहने पर घिरे सांसद निशिकांत दुबे, इरफान अंसारी ने दी चुनौती

Friday, Feb 20, 2026-03:20 PM (IST)

Jharkhand News: झारखंड की राजनीति में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर दिया बयान नए विवाद का कारण बन गया है। दुमका में निकाय चुनाव प्रचार के दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने राहुल गांधी को ‘इडियट’ तक कह दिया, जिससे सियासी माहौल गर्मा गया।

"2029 में निशिकांत दुबे संसद नहीं पहुंच पाएंगे"
निशिकांत दुबे ने कांग्रेस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बीजेपी किसी के पीछे नहीं पड़ी है, बस सच सामने ला रही है। उन्होंने संसद में सांसदों के निलंबन का इतिहास भी बताया और कहा कि 1963 से अब तक कांग्रेस ने कई सांसदों को निलंबित किया। इतिहास और विदेश नीति पर बोलते हुए दुबे ने पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और गांधी परिवार की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि नेहरू के समय तिब्बत को मान्यता देने की गलती के कारण चीन भारत का पड़ोसी बन गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अंग्रेजों की ‘बफर स्टेट्स’ नीति खत्म करने की वजह से आज सीमा विवाद है।

सांसद ने कश्मीर मुद्दे और चीन सीमा विवाद को भी कांग्रेस की नीतियों से जोड़ा। उन्होंने विपक्षी दलों पर भी हमला किया और कहा कि सत्ता में रहते ईवीएम सही थी, लेकिन अब जब सत्ता नहीं है, तो विपक्ष को सुप्रीम कोर्ट और ईवीएम से परेशानी हो रही है। इस बयान के बाद झारखंड विधानसभा में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने निशिकांत दुबे की कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि दुबे अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं और सीमा पार कर चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि 2029 में निशिकांत दुबे संसद नहीं पहुंच पाएंगे और वह उन्हें हराकर ही दिखाएंगे।

"दुबे के बयान से झारखंड की इज्जत को नुकसान पहुंच रहा"
इरफान अंसारी ने कहा कि वे सदन में इस मुद्दे को उठाएंगे और निंदा प्रस्ताव पारित कराने का अनुरोध करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि निशिकांत दुबे के बयान से झारखंड की इज्जत को नुकसान पहुंच रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Khushi

Related News

static