दुर्गा पंडाल में दिनदहाड़े ''गैंगस्टर'' पर चली धनाधन गोलियां, बेटी के सामने की पिता की हत्या

10/4/2022 11:39:11 AM

जमशेदपुर: झारखंड के जमशेदपुर जिले में बीते सोमवार दुर्गा पूजा बड़ी ही धूमधाम से मनाई जा रही थी। इसी बीच पंडाल में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक गैंगस्टर की दिन दहाड़े हत्या कर दी गई। अज्ञात अपराधियों ने गैंगस्टर पर कई गोलियां बरसाई, जिसमें उसे 3 गोली लगी। वहां मौजूद पुलिस ने घायल को अस्पताल ले जाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।



बेटी के सामने पिता की हत्या
मामला जिले के टेल्को थाना क्षेत्र के सबुज कल्याण संघ के पूजा पंडाल का है। यहां 42 वर्षीय रंजीत सिंह नामक एक गैंगस्टर 20 सितंबर को ही जेल से बाहर आया था। रंजीत गोलमुरी का रहने वाला है। वह दुर्गा पूजा के पंडाल में अपनी 12 साल की बेटी के साथ आया था। जानकारी के मुताबिक उसकी 12 साल की बेटी पास में एक कार के अंदर बैठी थी, तभी नक़ाब धारण कर युवक 2 मोटरसाइकिल पर सवार होकर उसके पास आए, वह उसके पिता के बारे में पूछताछ करने लगे।



रंजीत के शरीर पर गोली लगने के मिले 3 निशान 
इस दौरान युवक लड़की को कार से बाहर निकालने की कोशिश करने लगे। लड़की ने शोर मचाया तो रंजीत सिंह कार के पास पहुंचा तो उन लोगों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। मौके पर ही रंजीत की मौत हो गई। फायरिंग कर अपराधी फरार हो गए। इस दौरान पंडाल में मौजूद पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने घायल रंजीत को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर गोली लगने के तीन निशान मिले हैं। वहीं, हमले में उसकी बेटी बाल-बाल बच गई। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



घटनास्थल पर नहीं था सीसीटीवी कैमरा
बताया जा रहा है कि लोगों ने शूटरों को गोली चलाते देखा, लेकिन डर की वजह से कोई पुलिस के सामने नहीं आ रहा है। पूजा स्थल और उसके आसपास के इलाके में कमेटी की ओर से 16 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इसके अलावा स्थानीय थाना की ओर से पूजा स्थल पर आधा दर्जन पुलिसकर्मियों की तैनाती भीड़ और विधि-व्यवस्था नियंत्रण के लिए की गई है। इसके बाद भी गोली चलना और हत्या होना सुरक्षा में बड़ी चूक है। रंजीत की जहां हत्या हुई, उस इलाके में कैमरा नहीं था। इस वजह से शूटर कैमरे में कैद नहीं हो पाए। शूटरों को पता था कि घटनास्थल कैमरे के दायरे में नहीं है।



सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
रंजीत सिंह उर्फ रंजीत सरदार की हत्या से दुर्गा पूजा में शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। पंडाल में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई थी। लोगों ने दुकानें भी लगाई हुई थी। इतने लोगों के बीच शूटरों ने दनादन गोली चलाईं। अगर जरा सी भी चूक होती तो गोली भीड़ में किसी को भी लग सकती थी। 5 गोली चलाने में शूटरों को 1 मिनट से ज्यादा समय लगा और पुलिस भी वहां तैनात थी।

ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि पंडाल में पुलिस बल मौजूद होने पर भी रंजीत सिंह की हत्या कैसे हुई?

Content Editor

Khushi