झारखंड के विकास के लिए मोदी सरकार प्रतिबद्ध : दीपक प्रकाश

4/4/2021 11:47:41 AM

 

रांचीः झारखंड भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश ने शनिवार को कहा कि केंद्र की नरेन्द्र मोदी सरकार झारखंड के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। प्रकाश ने राज्य में 21 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के शिलान्यास और लोकार्पण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि केंद्र सरकार झारखंड में रोड इंफ्रास्ट्रक्चर को वेस्टर्न यूरोप और अमेरिका के स्तर की बनाने के लिए तैयार है।

भाजपा नेता ने कहा कि 3,550 करोड़ रुपये की कुल लागत से 539 कि.मी. कुल लंबाई की यह राजमार्ग परियोजनाएं राज्य में सड़क नेटवर्क को मजबूत करने के साथ आवागमन और वस्तुओं की ढुलाई सुगम करेगी। इन परियोजनाओं में पर्यावरण संरक्षण एवं वाइल्ड लाइफ पैसेज के साथ हरित राजमार्ग का निर्माण तीव्रगति, सुरक्षित यातायात, ग्राम कनेक्टिविटी के साथ आर्थिक विकास, समय, ईंधन की बचत, प्रदूषण में कमी, बड़े शहरों से कनेक्टिविटी और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

प्रकाश ने कहा कि केंद्र सरकार झारखंड को राजमार्गो के क्षेत्र में भारत के अग्रणी राज्यों में शामिल कराने के लिए कटिबद्ध है। मोदी सरकार झारखंड को समृद्ध बनाने के लिए दोनों हाथ से देने को तैयार है लेकिन राज्य सरकार विकास कार्य को जमीन पर उतारने में अब तक असफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने स्पष्ट रूप से कहा है कि 675 करोड़ रुपए का झारखंड के वार्षिक प्लान है, वे पांच हजार करोड़ देने को तैयार हैं।

प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन पर हमला करते हुए कहा कि हेमंत सरकार सिर्फ रोना जानती है। इस सरकार ने अबतक प्रदेश की जनता के आंखों में धूल झोंकने का कार्य किया है। राज्य में विकास कार्य ठप्प पड़ा हुआ है जिससे आम जनता परेशान है।

Content Writer

Diksha kanojia